10 से 14 अप्रैल तक होंगे विविध कार्यक्रम
दतिया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के अवसर पर जिले में इस वर्ष विशेष रूप से व्यापक और गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक जिले के सभी विकासखंडों, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है।
इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी आदेश के तहत इन पांच दिनों के दौरान प्रत्येक विकासखंड में हितग्राही सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। इन सम्मेलनों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को आमंत्रित कर उन्हें योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही नए हितग्राहियों को भी जोड़ने का प्रयास किया जाएगा
कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्ष, विचारों और देश के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रमों के दौरान संविधान निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका, सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के प्रति उनके विचारों पर आधारित व्याख्यान, परिचर्चाएं एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत स्तर और नगरीय क्षेत्रों में विचार गोष्ठी, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना बनाई गई है, जिससे युवाओं और विद्यार्थियों को बाबा साहेब के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा 14 अप्रैल 2026 को अम्बेडकर जयंती के मुख्य दिवस पर जिले भर में स्थापित डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी.
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित होकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देंगे और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रमों का आयोजन सादगी, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया जाए, साथ ही अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि डॉ. अम्बेडकर के विचार समाज के हर वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुंच सकें।




