प्रशासन मध्यप्रदेश शिक्षा समाज

डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त

जिलेभर में होंगे विविध आयोजन।

दतिया। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जिले में गरिमामय एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने प्रमुख सचिव, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी निर्देशों के पालन में आदेश जारी करते हुए समारोह के सफल संचालन हेतु अधिकारियों की नियुक्ति की है,

जारी आदेश के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पूरे जिले में सम्मानपूर्वक और उत्साहपूर्वक मनाई जाएगी। इसके तहत 10 अप्रैल से 14 अप्रैल तक साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला* आयोजित की जा रही है, जिसमें जिला स्तर, विकासखंड *स्तर के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विविध गतिविधियां आयोजित होंगी।

इन कार्यक्रमों में संगोष्ठी, विचार गोष्ठी, व्याख्यानमाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं, स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान जैसे आयोजन शामिल किए जाएंगे।

इन गतिविधियों के माध्यम से डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्ष, विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान* को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।समारोहों के सफल एवं सुचारू क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दतिया को नोडल अधिकारी_ नियुक्त किया गया है।

वहीं जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग दतिया को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।

कलेक्टर वानखडे ने सभी विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इन आयोजनों में सक्रिय सहभागिता करें और डॉ. भीमराव अम्बेडकर के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाएं।

जिला प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, अनुशासित एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित हों, ताकि महापुरुष की जयंती का उद्देश्य सार्थक रूप से पूरा हो सके।

About The Author