अपराध (क्राइम ) मध्यप्रदेश

सोनागिर जैन मंदिर में चोरी का मामला चांदी की भगवान की मूर्ति व सिंहासन ले उड़े चोर

सूचना देने पर 10 हजार का इनाम घोषित।

दतिया। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सोनागिर जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर से भगवान की चांदी की मूर्ति एवं सिंहासन चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही, उन्होंने अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी अथवा उनके संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपए का नगद इनाम देने की घोषणा की है। जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात की बताई जा रही है, जब मंदिर परिसर में सन्नाटा था।

चोरों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर में प्रवेश कर चांदी की बहुमूल्य मूर्ति और सिंहासन को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए। सुबह जब मंदिर के पुजारियों एवं श्रद्धालुओं ने मंदिर खोला तो चोरी का पता चला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके। पुलिस द्वारा संभावित संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस घटना से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे।

सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री बरामद की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

About The Author