दतिया। सेबड़ा थाना क्षेत्र के सिंध नदी स्थित सनकुआं घाट पर आज एक बड़ा हादसा हो गया।
नहाने गईं 6 बच्चियां नदी के तेज बहाव में अचानक डूब गईं। स्थानीय लोगों की सतर्कता और बहादुरी से पांच बच्चियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक 12 वर्षीय बच्ची अब भी लापता है।
घटना की सूचना मिलते ही सेबड़ा टीआई विनीत तिवारी दल-बल सहित मौके पर पहुंचे और तुरंत एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घाट पर एकत्र हो गए है। बताया जा रहा है कि बच्चियां नहाने के दौरान गहराई में चली गईं, जिससे हादसा हुआ।
फिलहाल एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश कर रही है। प्रशासन लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए है। हादसे ने क्षेत्र में गहरा दुख और चिंता का माहौल बना दिया है।

























