शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा-सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। परिवहन विभाग, पुलिस और प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत अब उन वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है जो बिना नंबर प्लेट, फर्जी या छेड़छाड़ की गई नंबर प्लेट, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न और अवैध मॉडिफिकेशन के साथ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। तीन दिन तक जागरूकता और समझाइश देने के बाद अब एनफोर्समेंट की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने स्पष्ट कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।जिला परिवहन अधिकारी रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि विभाग का विशेष फोकस उन वाहनों पर है जो बिना नंबर प्लेट के चल रहे हैं या जिनकी नंबर प्लेट में जानबूझकर बदलाव किया गया है। इसके अलावा चौपहिया वाहनों में काली फिल्म लगाना, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करना और वाहन के मूल स्वरूप में अवैध परिवर्तन करना भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत गंभीर उल्लंघन की श्रेणी में आता है।
ऐसे वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और मौके पर ही चालानी कार्रवाई की जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए परिवहन विभाग को पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे हैं। विभाग का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
कार्रवाई शुरू करने से पहले परिवहन विभाग ने लगातार तीन दिनों तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने वाहनों में किए गए अवैध बदलाव स्वयं हटाने के लिए प्रेरित किया गया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को समझाया गया कि नियमों की अनदेखी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह स्वयं और अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकती है।
जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। रामकृष्ण चौधरी के अनुसार बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने स्वेच्छा से अपने वाहनों से अवैध मॉडिफिकेशन हटाए हैं। कई लोगों ने स्वीकार किया कि नियमों की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण उन्होंने ऐसे बदलाव कर लिए थे। विभाग की अपील के बाद उन्होंने समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए। हालांकि प्रशासन ने अब साफ कर दिया है कि समझाइश का चरण समाप्त हो चुका है।
जिन वाहन चालकों ने चेतावनी और जागरूकता के बावजूद अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाया है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भारी जुर्माना, चालान और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई कर नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को नियमों के अनुरूप रखें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।













