शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर के नव नियुक्त अध्यक्ष हनुमान सिंह के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अजमेर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार भेंट की तथा दुपट्टा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि हनुमान सिंह के नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर नई ऊर्जा, पारदर्शिता एवं नवाचार के साथ कार्य करते हुए प्रदेश के विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अध्यक्ष के रूप में उनका अनुभव, कार्यकुशलता एवं शिक्षा के प्रति समर्पण बोर्ड को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।
डॉ. बैरवा ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है तथा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संस्थान है।
ऐसे में हनुमान सिंह के मार्गदर्शन में बोर्ड शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार तथा प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगा।















