भीलवाड़ा जिले से चुने गए 203 हवाई और 1659 रेल यात्री
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।भीलवाड़ा-देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के चरणबद्ध क्रियान्वयन के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 हेतु तीर्थ यात्रियों का चयन करने के लिये ऑनलाईन लॉटरी बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू द्वारा निकाली गई।
इस अवसर पर देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी द्वारा लॉटरी प्रक्रिया से अवगत करवाया गया। इसके पश्चात जिला कलक्टर द्वारा तीन डेमो पश्चात मुख्य लॉटरी के माध्यम से तीर्थ यात्रियों का चयन करने के लिये ऑनलाइन लॉटरी निकाली।उन्होंने बताया कि देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026 के तहत भीलवाड़ा जिले से हवाई यात्रा के लिये 203 और रेल यात्रा के लिये 1659 इस प्रकार कुल 1862 यात्रियों का चयन किया गया है।
इस अवसर पर एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन,सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा एसीपी डीओआईटी नवनीत सोमानी, गौरव सोमानी सहित अन्य मौजूद रहे।सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि इस बार प्रदेश के 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को रेल मार्ग और 6 हजार को वायु मार्ग से निर्धारित स्थलों पर यात्रा करवाई जाएगी जिसमे जिले के 1862 वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना के तहत यात्रा करवाई जाएगी। जिसमे विभिन्न यात्राओं हेतु कार्यक्रम का निर्धारण आगामी दिनों मे किया जाकर वर्षभर यात्राएं करवाई जाएंगे।
तीर्थयात्रा के प्रमुख गंतव्य स्थलों में हरिद्वार-ऋषिकेश-आयोध्या-वाराणसी-सारनाथ, सम्मेदशिखर-पावापुरी-वाराणसी-सारनाथ, मथुरा-वृंदावन-बरसाना-आगरा-अयोध्या, द्वारकापुरी-नागेश्वर-सोमनाथ, तिरूपति-पद्मावति, कामाख्या-गुवाहाटी, गंगासागर-कोलकाता, जगन्नाथपुरी-कोणार्क, रामेश्वरम्-मदुरई, वैष्णोदेवी-अमृतसर-वाघा बोर्डर, गोवा के मंदिर एवं अन्य स्थल चर्च आदि, महाकालेश्वर, उज्जैन-ओंकारेश्वर-त्रयम्बकेश्वर-घृष्णेश्वर-एलोरा, बिहार-शरीफ, श्री हूजुर साहिब, नांदेड़, महाराष्ट्र और पटना बिहार की यात्रा रेलमार्ग से करवाई जाएगी।
वहीं हवाई जहाज द्वारा पशुपतिनाथ-काठमांडू (नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी। हवाई यात्रा में चयनित यात्रियों को नेपाल की विदेश यात्रा हेतु मूल वोटर कार्ड अथवा भारतीय पासपोर्ट अनिवार्य होगा।ज्ञातव्य है कि प्रदेश के मूल निवासी वरिष्ठ नागरिकों (60 साल या अधिक आयु के व्यक्ति) को उनके जीवन काल में एक बार निर्धारित तीर्थ स्थानों में से किसी एक स्थान पर पूर्णतया निःशुल्क यात्रा करवाने की यह योजना वर्ष 2013 से चलाई जा रही है। वर्ष 2016 से इसमें हवाई यात्रा को सम्मिलित किया गया।
गत वर्ष सभी वरिष्ठ नागरिकों को वातानुकूलित रेलगाड़ी में यात्रा करवाई गई। साथ ही आमजन से अपील कि है चूंकि यह योजना पूर्णतया निःशुल्क है, इसमें चयन हेतु किसी प्रकार का कोई शुल्क नही लिया जाता है अतः आमजन को आगाह किया जाता है कि किसी भी प्रकार के ठग आदि के झाँसे में नही आवें। किसी भी जानकारी के लिए देवस्थान विभाग के संभागीय कार्यलय , राज. लोक सेवा आयोग के सामने, अजमेर या ईमेल पर सम्पर्क किया जा सकता है।















