संगठन विस्तार और डिजिटल अभियान पर जोर
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-भारतीय जनता पार्टी ग्रामीण मंडल शाहपुरा की मासिक बैठक शाहपुरा विधायक कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती कार्यक्रम तथा शक्ति केंद्रों के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष जीवराज गुर्जर ने मंडल के प्रत्येक पदाधिकारी को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर 20-20 प्रमाण पत्र बनवाने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन के डिजिटल अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना समय की आवश्यकता है और इसमें प्रत्येक पदाधिकारी की सक्रिय भूमिका जरूरी है।बैठक में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती बूथ स्तर तक मनाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही “एक पेड़ डॉ. मुखर्जी के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर उसकी फोटो सरल ऐप पर अपलोड करने के लिए कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके।बैठक का एक अहम निर्णय सभी ग्राम पंचायतों में शक्ति केंद्र प्रमुखों की नियुक्ति को लेकर रहा।
मंडल अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि हर ग्राम पंचायत से नए नाम प्रस्तावित कर शक्ति केंद्र प्रमुखों की नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाया जा सके।बैठक में मंडल पदाधिकारी महामंत्री कृष्णगोपाल शर्मा, भेरू गाडरी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण कुमावत, संदीप पटवारी, हीरालाल बैरवा, प्रेमशंकर शर्मा, विकास मीणा, कमल रायका, मुकेश शर्मा, नंदलाल खारोल तथा डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म विधानसभा सह संयोजक सुरेश भाट सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक गतिविधियों को गति देने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।













