208 बीघा भूमि का निस्तारण, वर्षों पुराने विवाद मौके पर सुलझे
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा/राज्य सरकार के जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविर के तहत ग्राम पंचायत रहड़ में राजस्व विभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए भीलवाड़ा जिले में नया कीर्तिमान स्थापित किया। शिविर के दौरान 35 खातों का एक साथ विभाजन कर 104 खातेदारों को राहत प्रदान की गई।
इस प्रक्रिया में 82 खसरा नंबरों की 208 बीघा से अधिक भूमि का विधिवत बंटवारा किया गया।राजस्व अधिकारियों के अनुसार एक ही जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविर में 35 खातों का विभाजन भीलवाड़ा जिले में अब तक का सर्वाधिक है। वर्षों से लंबित विभाजन प्रकरणों के मौके पर निस्तारण से किसानों को बड़ी राहत मिली।
बंटवारे के बाद भूमि अभिलेख स्पष्ट होने से किसानों को नामांतरण, कृषि ऋण, फसल बीमा, भूमि प्रबंधन एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी।शिविर में लाभान्वित किसानों ने खुशी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल और राजस्व विभाग की त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना की।
किसानों ने कहा कि वर्षों से लंबित मामलों का एक ही दिन में समाधान होने से समय और धन दोनों की बचत हुई है।यह कार्रवाई शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा के निर्देशन में संपन्न हुई।
इस अवसर पर तहसीलदार भींवराज परिहार, नायब तहसीलदार रामप्रसाद बलाई, भू-अभिलेख निरीक्षक बालकृष्ण शर्मा, पटवारी सरिता एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। उपखंड अधिकारी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि सरकार की मंशा है कि एक भी किसान राजस्व काम के लिए भटके नहीं।
रहड़ शिविर इसका उदाहरण है।तहसीलदार भींवराज परिहार ने कहा कि जनकल्याण ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन के राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है।
हाइलाइट्स- एक ही शिविर में 35 खातों का विभाजन, भीलवाड़ा जिले में नया रिकॉर्ड।- 104 खातेदारों को मिला सीधा लाभ।- 82 खसरा नंबरों की 208 बीघा से अधिक भूमि का बंटवारा।- वर्षों से लंबित प्रकरणों का मौके पर समाधान।- किसानों ने जताई खुशी, राजस्व विभाग के प्रयासों की सराहना।















