बारहठ महाविद्यालय में स्वागत सम्मान समारोह, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा विकास समिति की बैठक का आयोजन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा/श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में सम्मान समारोह, वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं महाविद्यालय विकास समिति की बैठक का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाहपुरा-बनेड़ा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. हरमल रेबारी एवं डॉ. सत्यनारायण कुमावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है।
उन्होंने शाहपुरा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, चिकित्सा, शिक्षा, विद्युत एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुष्कर राज मीणा ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, विकास समिति के सदस्यों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए महाविद्यालय में हो रहे विकास कार्यो को मंच के माध्यम से रेखांकित किया।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल देते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। डॉ. हरमल रेबारी ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय से जुड़े अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि इस संस्थान से उनका भावनात्मक जुड़ाव रहा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम, सकारात्मक सोच एवं निरंतर सीखने की भावना को अपनाने का आह्वान किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह महाविद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ अर्जित करता रहेगा।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। प्राचार्य कक्ष में विकास समिति की बैठक का आयोजन हुआ जिसमें महाविद्यालय के चार दीवारी को तीन फीट और ऊँचा करके 4 फीट लोहे की ग्रिल लगाने तथा एल.आई.सी. की तरफ दीवार को चार फीट और ऊँची करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं अभिभावक, प्रबुद्धजन, षिक्षाविद् इत्यादि भी उपस्थित रहे।