श्री शिव महापुराण कथा के द्वितीय दिवस सती चरित्र एवं दक्ष यज्ञ प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन

IMG-20260803-WA0019

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

शाहपुरा/ श्रावण मास के पावन अवसर पर माहेश्वरी पंचायत भवन, सदर बाजार, शाहपुरा में आयोजित नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के द्वितीय दिवस श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कथा का वाचन जगद्गुरु निम्बार्काचार्य श्रीश्रीजी महाराज के चरण रज सेवक पूज्य गजेन्द्र गोपाल शास्त्री के श्रीमुख से किया जा रहा है।

द्वितीय दिवस की कथा में दक्ष प्रजापति के यज्ञ, माता सती के दिव्य चरित्र तथा भगवान शिव के वैराग्य एवं त्याग का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथावाचक ने कहा कि अहंकार मनुष्य के पतन का कारण बनता है, जबकि श्रद्धा, विनम्रता और भगवान के प्रति अटूट विश्वास ही जीवन को सफल बनाते हैं।

उन्होंने भगवान शिव एवं माता सती के प्रसंगों के माध्यम से पारिवारिक मर्यादा, सम्मान और धर्म के महत्व पर भी प्रकाश डाला।कथा के दौरान भजनों एवं शिव नाम के जयघोष से पूरा पांडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से कथा का श्रवण कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।श्रीनाथजी भक्त मंडल के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री शिव महापुराण कथा 09 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक

आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी सपरिवार कथा में पधारकर भगवान शिव की अमृतमयी कथा का श्रवण करने का आग्रह किया।

About The Author