जिला प्रशासन बना चैंपियन फाइनल में राजस्व एकादश को 42 रन से हराया,
दतिया। स्थानीय स्टेडियम ग्राउंड पर आयोजित 16 दिवसीय अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ सफल समापन हो गया। फाइनल मुकाबला जिला प्रशासन और राजस्व एकादश के बीच खेला गया।
जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन की टीम ने राजस्व एकादश को 42 रन से पराजित कर पहली बार खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले का रोमांच, फाइनल मैच में दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस हुआ, जिसे जिला प्रशासन ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हालांकि शुरुआत जिला प्रशासन के लिए अच्छी नहीं रही।
कप्तान स्वप्निल वानखड़े केवल 4 गेंदों में 1 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सन्नी धोलपुरिया और लोकेंद्र सरल ने पारी को संभालने का प्रयास किया। सन्नी धोलपुरिया 10 गेंदों में एक छक्के की मदद से 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि लोकेंद्र सरल ने 26 गेंदों में 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से 34 रन की उपयोगी पारी खेली। राघवेंद्र यादव खाता खोले बिना आउट हो गए।
पी.सी. यादव ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों में 2 छक्के और एक चौके की मदद से 18 रन बनाए।सोनू की विस्फोटक पारी ने बदला मैच का रुख, मध्यक्रम में सोनू ने मैदान पर आते ही राजस्व टीम के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।
उन्होंने 38 गेंदों में 8 छक्के और 7 चौकों की मदद से 85 रन की तूफानी पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 223.68 रहा, जिसने दर्शकों को खूब रोमांचित किया। दीपक गुप्ता ने भी 22 गेंदों पर 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 44 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी।
अन्य बल्लेबाजों में ब्रजेश रावत और सजल बिदुआ शून्य पर आउट हुए, जबकि नीरज अहिरवार ने 6 गेंदों में एक छक्का और एक चौका लगाकर 13 रन जोड़े।
जिला प्रशासन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 218 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, राजस्व एकादश की ओर से रामनिवास और सोनू सोनी ने 2-2 विकेट लिए, जबकि वीरेंद्र, रोहित यादव, डॉ. रामकुमार गौतम और प्रू ने 1-1 विकेट हासिल किया।
राजस्व एकादश की संघर्षपूर्ण पारी, 219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्व एकादश की शुरुआत भी लड़खड़ाती रही। हर्ष श्रीवास्तव 8 गेंदों में मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए।
नवी सिंह ने 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाए, रामनिवास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 3 छक्के और 5 चौकों की मदद से 41 रन बनाए और टीम को जीत की उम्मीद दिलाई। प्रू ने 14 गेंदों में 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 34 रन, अभिषेक शर्मा ने 10 गेंदों में 4 छक्के और 1 चौका लगाकर 31 रन, जबकि सोनू सोनी ने 13 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 26 रन बनाए। कप्तान अजय झा ने 13 गेंदों में 3 चौकों के साथ 16 रन जोड़े। हालांकि लगातार विकेट गिरने से राजस्व एकादश की पारी बिखर गई।
डॉ. रामकुमार गौतम, वीरेंद्र और रोहित यादव बिना खाता खोले आउट हुए। पूरी टीम 17.1 ओवर में 176 रन पर सिमट गई और 42 रन से मुकाबला हार गई। जिला प्रशासन की ओर से पी.सी. यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, जबकि बलवीर ने 2 विकेट झटके।
सन्नी धोलपुरिया और स्वप्निल वानखड़े को 1-1 सफलता मिली। 16 दिन चला टूर्नामेंट, 10 टीमों ने लिया हिस्सा टूर्नामेंट के सह सचिव कवींद्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 10 विभागीय टीमों ने हिस्सा लिया।
पूल-ए में जिला प्रशासन, बैंक प्रशासन, जिला न्यायालय, शिक्षा विभाग और पंचायत विभाग शामिल थे। पूल-बी में राजस्व विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, नगरीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रहीं। शनिवार को आईपीएल की तर्ज पर एलिमिनेटर मुकाबले खेले गए।
जिला प्रशासन ने नगर पालिका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं बैंक प्रशासन और राजस्व एकादश के मुकाबले में राजस्व विभाग विजयी रहा। इसके बाद राजस्व एकादश ने नगर पालिका को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
पहली बार फाइनल जीतकर बना जिला प्रशासन चैंपियन पिछले चार वर्षों से आयोजित हो रहे इस अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में यह पहला अवसर रहा जब जिला प्रशासन की टीम न केवल फाइनल में पहुंची, बल्कि शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब भी अपने नाम किया।
समापन अवसर पर खिलाड़ियों और आयोजकों की जमकर सराहना की गई तथा टूर्नामेंट को सफल आयोजन बताया गया, फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों टीमों का उत्साहवर्धन किया और रोमांचक क्रिकेट का आनंद लिया।
























