“हर घर पौधे” का संदेश देते हुए श्रेया कुमावत पर डॉक्यूमेंट्री का विशेष दृश्य फिल्माया गया
शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा-पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “ग्रीन लिटिल बेबी” श्रेया कुमावत के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म में “हर घर पौधे” की प्रेरणा को दर्शाते हुए एक विशेष दृश्य सफलतापूर्वक फिल्माया गया।
इस दृश्य में श्रेया द्वारा घर-घर जाकर लोगों को पौधे लगाने और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित करने की पहल को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
भारती फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन धनबाद फिल्म सिटी (झारखंड) के निर्माता-निर्देशक शत्रुघ्न महतो एवं उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है। लगातार कई दिनों से चल रही शूटिंग के दौरान श्रेया के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को वास्तविक और प्रभावशाली तरीके से कैमरे में कैद किया गया है।
कम उम्र में ही श्रेया कुमावत ने “हर घर पौधे” का संकल्प लेकर समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य शुरू किया है। वे लोगों को पेड़-पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और पर्यावरण को स्वच्छ व सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। साथ ही प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और जैविक तरीकों को अपनाने का संदेश भी दे रही हैं।
डॉक्यूमेंट्री में श्रेया के इन प्रयासों को इस तरह प्रस्तुत किया गया है कि दर्शक न केवल प्रेरित हों, बल्कि स्वयं भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरणा प्राप्त करें। यह फिल्म खासतौर पर युवाओं और बच्चों के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगी।
निर्माता-निर्देशक टीम के अनुसार यह प्रेरणादायक डॉक्यूमेंट्री जल्द ही आमजन के लिए प्रदर्शित की जाएगी, जिससे “हर घर पौधे” का संदेश व्यापक स्तर पर फैल सके और अधिक से अधिक लोग हरियाली बढ़ाने के इस अभियान से जुड़ सकें।




