कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में होगी योजनाओं की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा।
दतिया। जिले में पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आगामी जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक 20 नवम्बर 2025 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रातः 11 बजे से न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न होगी,
कार्यपालन यंत्री एवं सदस्य सचिव, जिला जल स्वच्छता मिशन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग खंड दतिया ने जानकारी दी कि बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े करेंगे। बैठक में जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं मिशन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहेंगे।
इस बैठक में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति एवं स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं है, उनके निराकरण हेतु आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी।
कलेक्टर वानखड़े द्वारा पूर्व बैठकों में यह निर्देश दिए गए थे कि हर घर नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा किया जाए तथा गांवों में जल स्रोतों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। इस दृष्टि से यह बैठक जिले के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, वहीं आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे ताकि जिले में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।








