दतिया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने आज प्रदेश के समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्य की प्रगति की वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की।
इस बैठक में दतिया जिले से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने सम्मिलित होकर जिले में चल रहे पुनरीक्षण कार्य की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ना और अपात्र नामों का समय पर विलोपन निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता की बुनियाद है।
इस उद्देश्य से जिले में चल रहे गृह भ्रमण, दावा-आपत्ति पंजीयन एवं फील्ड सत्यापन कार्य को गंभीरता से संपादित किया जाए। झा ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं, विशेषकर महिला, दिव्यांग एवं नवमतदाताओं के पंजीयन पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बीएलओ (BLO) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन की सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्तर पर त्रुटि या नाम छूटने की संभावना न रहे।बैठक में यह भी कहा गया कि मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों को तत्काल हटाया जाए और जिन मतदाताओं के पते में परिवर्तन या स्थानांतरण हुआ है, उनकी प्रविष्टियों को समय पर अद्यतन किया जाए।
इसके साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को प्रति दिवस की प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, दतिया जिले के संदर्भ में जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ टीमों द्वारा घर-घर सर्वे कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटि-मुक्त और अद्यतन बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर निगरानी की जा रही है। वानखड़े ने बताया कि इस अभियान के तहत विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है, जहां पात्र नागरिक अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मतदाता जानकारी की जाँच कर लें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि या नाम का विलोपन/संशोधन आवश्यक हो तो संबंधित बीएलओ से संपर्क करें।
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आगामी निर्वाचन की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारीगण, विभिन्न जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं तकनीकी दल के सदस्य भी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे l

























