दतिया। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आज मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखडे द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आए 120 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निराकरण के लिए निर्देशित किया।
अनिराकृत आवेदनों के लिये समय-सीमा निर्धारित कर अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।जन सुनवाई के दौरान शिवगिर मार्ग रिछरा फाटक दतिया निवासी प्रबल शर्मा ने आवेदन दिया कि उनके पिता की मृत्यु विधुत मंडल दतिया में लाईन मेन के पद पर सेवा करते हुए करंट लगने से हो गई थी।
उस समय प्रार्थी की आयु लगभग 2 वर्ष थी अब प्रार्थी द्वारा चतुर्थ श्रेणी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति संबंधी आवेदन विधुत मंडल दतिया में दिया परंतु आज दिनांक तक कोई सुनवाई नहीं हुई है, कलेक्टर स्वप्निल वानखडे द्वारा आवेदन पत्र पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए एसई विधुत मंडल को प्रकरण का अतिशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
ग्राम राधापुर तहसील दतिया निवासी अकरम खांन ने आवेदन दिया कि प्रार्थी का नाम प्रधानमंत्री आवास सूची में 30 नम्बर पर दर्ज है। प्रार्थी द्वारा कई वार ऑफिस के चक्कर लगाये जा चुके है परंतु आवास सूची में नाम होने के बाद भी आवास प्राप्त नहीं हुआ। कलेक्टर द्वारा सीईओ जनपद पंचायत को आवेदन के निराकण करने निर्देश दिए।
जन सनुवाई के दौरान चंद्रशेखर ने आवेदन दिया कि प्रार्थी का मकान ग्राम सिमथरा पोस्ट बडैरासोपान तहसील भाण्ड़ेर में 70 साल पुराना है उस मकान का व्यवस्थापन 21 दिसम्बर 2010 को पुष्पापत्नि महेश कुमार को कर दिया है।एसडीएम कार्यालय में भाण्ड़ेर में इस संबंध में जब जानकारी प्राप्त की तो बताया गया कि एसडीएम के आदेश पर व्यवस्थापन हुआ है। प्रार्थी का मकान प्रार्थी के नाम कराया जाये। कलेक्टर द्वारा एसडीएम भाण्ड़ेर को प्रकरण की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में समस्त निवासी ग्राम पंचायत तगा ने आवेदन दिया कि ग्राम तगा में शासकीय सर्वे नम्बर 33, 343, 435, व 455 पर ग्राम तगा के ग्रामीणजन लगभग 30-40 वर्षो से मकान बनाकर अपने परिवार के साथ रहते है और जीवन यापन करते है। उक्त सर्वे नम्बर की भूमि को आबादी घोषित किया जाये। कलेक्टर द्वारा एसडीएम दतिया को आवेदन पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार जन सुनवाई के दौरान वृद्धवस्था पेंशन, नामांतरण, बीपीएल सूची में नाम जुड़वाने, सड़क निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था, खद्यान वितरण आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए जिसके निराकरण हेतु कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल, श्रृति अग्रवाल, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी सहित सभी जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।








