“बदमाश सोने के दो हार, मोबाइल और पर्स लेकर फरार।
दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई, जहां नकाबपोश बदमाशों ने सड़क पर जा रहे एक दंपती को रोककर लूट लिया।
घटना दलपतपुर गांव की नहर पुलिया के पास हुई, जहां दो अज्ञात युवकों ने बाइक सवार दंपती पर हथियारों से हमला कर सोने के जेवर, मोबाइल और पर्स लूट लिया,
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतेन्द्र (27) पिता रमेश दांगी निवासी खिरियानाई अपनी पत्नी नीतू दांगी के साथ सोमवार रात अपने मौसाजी के यहां दलपतपुर गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। जब वे नहर की पुलिया से लगभग 50 मीटर आगे रेंवजा के पेड़ के पास पहुंचे, तभी सफेद अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक पीछे से आए और उनकी बाइक के सामने आकर रुक गए।
सतेन्द्र ने पुलिस को बताया कि अचानक दोनों बदमाशों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। एक बदमाश उसकी पत्नी के गले से सोने का लौंग हार और कालर हार तोड़ने लगा। जब सतेन्द्र ने विरोध किया, तो दूसरे बदमाश ने उसके हाथ से पर्स और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया।
विरोध करने पर बदमाश ने सतेन्द्र पर कट्टे की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया, हमले में सतेन्द्र के सिर और हाथ में चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे तुरंत परिजन भांडेर के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
आसपास के ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भांडेर कोमल परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने घायल दंपती के बयान दर्ज कर लिए है तथा अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और बदमाशों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। मुख्य बिंदु दो नकाबपोश बदमाशों ने दंपती को रोककर लूटा।
पति पर कट्टे की बट से हमला कर किया घायल। पत्नी के गले से दो सोने के हार, मोबाइल और पर्स लूटे। पुलिस ने मामला दर्ज* कर जांच शुरू की, बदमाशों की तलाश जारी।









