दतिया। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दतिया के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा मध्यप्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के निर्देशानुसार एवं सामान्य वन मंडल कार्यालय दतिया के सहयोग से दतिया नगर पालिका क्षेत्र और जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत लोक जैव विविधता पंजी (पीवीआर) का निर्माण किया गया।
इस कार्य को विभागाध्यक्ष डॉ. अभय कुमार राहुल एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. शिव सिंह ने पूर्ण किया तथा तैयार पंजी की पांच-पांच प्रतियां सामान्य वन मंडल अधिकारी श्रीमती प्रीति शाक्य को सौंपा गया।
पीवीआर पंजी में दतिया क्षेत्र की वनस्पतियों, पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं और विभिन्न औषधीय पौधों का समावेश किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की संपूर्ण जैव विविधता को एक ही संकलन के माध्यम से जनसामान्य और शोधार्थियों तक पहुंचाना है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेगुला मुख्य अतिथि और जनपद पंचायत सीईओ विनीत त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. जयश्री त्रिवेदी ने की तथा संचालन डॉ. अभय कुमार राहुल ने किया। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेगुला ने जैव विविधता संरक्षण को सराहते हुए भविष्य में ऐसे शोध कार्यों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। प्राचार्य ने भी इस कार्य को जनहितकारी एवं शोधार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में पशु विभाग से जी. दास, मत्स्य विभाग से राकेश पाठक और प्रमुख वैद्य पवन शर्मा ने औषधीय पौधों की जानकारी दी। इस आयोजन में भौतिकी विभागाध्यक्ष एवं आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. एस. कौशिक, वनस्पति विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की तैयारी एवं समापन में विभाग के प्रोफेसरों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहयोग दिया।
























