रामपाल गुर्जर हत्याकांड में बड़ी सफलता,
कोतवाली पुलिस ने 5-5 हजार के इनामी दो फरार आरोपियों को अवैध हथियार सहित किया गिरफ्तार।
दतिया। रामपाल गुर्जर हत्याकांड में दतिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
थाना कोतवाली पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे 5-5 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, पकड़े गए आरोपी पूर्व से भी गंभीर आपराधिक प्रकरणों में संलिप्त रहे हैं।
घटना का विस्तृत विवरण,थाना धीरपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुरा निवासी फरियादी कुश पुत्र हाकिम सिंह गुर्जर द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 13 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9:35 बजे झांसी बायपास रोड पर महिंद्रा एजेंसी के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों द्वारा रामपाल पुत्र लाखन सिंह गुर्जर निवासी जैतपुरा पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई।
गोली रामपाल के सिर में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस गंभीर अपराध में आरोपी अंशुल परिहार, केपी परिहार, मलखान परिहार सहित तीन अन्य अज्ञात आरोपी शामिल थे।घटना के बाद से ही सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक दतिया द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
पुलिस की सघन कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दतिया सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे एवं एसडीओपी दतिया आकांक्षा जैन के मार्गदर्शन में फरारी इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था,
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103(1), 296(बी), 3(5) बीएनएस के फरार इनामी आरोपी अंशुल पुत्र जगदीश परिहार एवं केपी पुत्र मनोज परिहार, निवासी जैतपुरा थाना धीरपुरा, लाला के ताल क्षेत्र में देखे गए हैं और शीघ्र फरार हो सकते हैं।सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई।
टीम द्वारा अत्यंत सावधानीपूर्वक बताए गए स्थान पर दबिश दी गई, जहां दोनों आरोपियों को मोटल होटल के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।अवैध हथियार बरामद गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध कट्टा, एक खाली खोखा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद कर जप्त किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व से भी थाना धीरपुरा में दर्ज गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं,न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए आरोपी, पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी,इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक धीरेन्द्र मिश्रा, उनि यदवेन्द्र सिंह गुर्जर (थाना प्रभारी डीपार), उनि अंशुल अरोरा, उप निरीक्षक विवेक राय, सउनि सुनील शर्मा, प्रधान आरक्षक 739 ब्रजमोहन उपाध्याय, आरक्षक 368 अरविंद रावत, 298 रविंद्र यादव, 778 देवेश शर्मा, 348 दीपक शुक्ला, शिपेन्द्र गुर्जर, शैलेन्द्र गोस्वामी, निजाम खान, चालक 171 धर्मेन्द्र शर्मा एवं आरक्षक 816 राकेश माहौर की विशेष भूमिका रही।
पुलिस का सख्त संदेश, दतिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। फरार एवं इनामी आरोपियों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा और अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।









