शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा – सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए हालिया टीईटी संबंधी निर्णय को भविष्य लक्षी रूप से लागू करने तथा वर्तमान में चयनित एवं कार्यरत शिक्षकों के हितों की रक्षा हेतु राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) ने केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की है।
इसी क्रम में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय जिला शाहपुरा की ओर से एक प्रतिनिधि मंडल ने सांसद अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आग्रह किया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के विरुद्ध पुनर्विचार याचिका दायर कर राज्य के हजारों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए और उनकी सेवा पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जिला अध्यक्ष महेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल को यह ज्ञापन सौंपा गया।
प्रतिनिधि मंडल में संगठन के जिला मंत्री संजीव कुमार शाहपुरा उप शाखा अध्यक्ष अमर सिंह चौहान जिला सह संगठन मंत्री सीताराम चौधरी जिला मीडिया प्रभारी हनुमान प्रसाद शर्मा शामिल रहे।
राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) ने कहा कि टीईटी निर्णय से उत्पन्न परिस्थिति को देखते हुए केंद्र स्तर पर त्वरित एवं संवेदनात्मक निर्णय आवश्यक है, जिससे राज्य के शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित रह सके।

























