दतिया। जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आज मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने जिले के विभिन्न अंचलों से आए 210 से अधिक आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए। कलेक्टर वानखड़े ने जनसुनवाई के दौरान यह स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनाधिकृत आवेदनों के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित अवधि में अनिवार्य रूप से निराकरण कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जनसुनवाई में रास्ता अवरूद्ध किए जाने, वृद्धावस्था पेंशन, सीमांकन, नामांतरण, बटवारा, बीपीएल सूची में नाम जोड़े जाने, सड़क निर्माण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण, खाद एवं बीज वितरण, पेयजल, विद्युत, आवास से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कई आवेदकों की समस्याओं का तत्काल निराकरण कराया, जिससे आवेदकों में संतोष एवं विश्वास का भाव देखने को मिला। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता न मानते हुए, जमीनी स्तर पर जाकर समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर लोकेन्द्र सिंह सरल, संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी सहित जिले के समस्त विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से जनसुनवाई को प्रभावी बनाया गया और नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान की गई। जनसुनवाई के अंत में कलेक्टर वानखड़े ने कहा कि प्रशासन आमजन के प्रति जवाबदेह है और भविष्य में भी इसी प्रकार नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाता रहेगा।









