दतिया। जिले में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कैशलेस उपचार स्कीम-2025 को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा आदेश जारी कर अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे को इस योजना का शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर के आदेश के अनुसार अब स्कीम से संबंधित किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अनियमितता, देरी, लाभ दिलाने में आ रही समस्या या अस्पतालों द्वारा नियमों के पालन न करने जैसी शिकायतों को सीधे अपर कलेक्टर कवचे के संज्ञान में भेजा जा सकेगा।
उनका मोबाइल नंबर 9424751331 जारी किया गया है, जिससे पीड़ित या उनके परिजन तत्काल संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। जिले में यह योजना सड़क दुर्घटना पीड़ितों को घटना के तुरंत बाद अस्पताल में बिना किसी आर्थिक बोझ के उपचार प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त होने से स्कीम के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और पीड़ितों को शीघ्र व सही लाभ मिलने में आसानी होगी, आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना से जुड़ी किसी भी सहायता के लिए बेझिझक शिकायत निवारण अधिकारी से संपर्क करें, ताकि समय पर राहत प्रदान की जा सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई हो सके।









