कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देश पर उर्वरक दुकानों का सघन निरीक्षण
उल्लंघन पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई
राजगढ़ 04 अप्रैल, 2026 कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार शनिवार को जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदारों एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा उर्वरक दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी लाइसेंसी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि खाद का वितरण अनिवार्य रूप से ई-विकास पोर्टल एवं ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई उर्वरक विक्रेता ई-टोकन प्रणाली का पालन नहीं करता है या नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो संबंधित दुकान का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरक की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रक्रिया एवं रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से उर्वरक उपलब्ध कराना तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।




