दतिया। शहर में बढ़ते यातायात उल्लंघनों पर लगाम लगाने और सड़कों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दतिया कोतवाली पुलिस द्वारा सिविल लाइन रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी धीरेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाने के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर लगभग दो घंटे तक रुक-रुक कर वाहनों की जांच की, अभियान के दौरान पुलिस की प्राथमिक नजर बुलेट बाइक के फटाके वाले साइलेंसर,
बिना हेलमेट वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर चलने जैसे गंभीर नियम उल्लंघनों पर रही। पुलिस टीम ने मौके पर ही वाहनों को रोककर चालानी कार्रवाई की और कुछ मामलों में चेतावनी भी दी।
पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व भी एक बुलेट बाइक को फटाके वाले साइलेंसर के साथ पकड़ा गया था, जिसके बाद से लगातार ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
शहर में ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटनाओं की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए इस तरह के साइलेंसर वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने 14 से अधिक चालान बनाए।
इनमें अधिकतर मामले बिना हेलमेट चलाने, दस्तावेज अधूरे होने, साइलेंसर में अवैध परिवर्तन और ओवरलोडिंग के पाए गए, कोतवाल धीरेन्द्र मिश्रा ने कहा कि,शहर में सुरक्षित यातायात सभी की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन न करने वाले न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालते हैं। ऐसे उल्लंघनों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। पुलिस ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे









