शाहपुरा-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा – कृषि विभाग द्वारा संचालित “खाद्य एवं पोषण सुरक्षा पोष्टिक अनाज योजना” के अंतर्गत आज पंचायत समिति परिसर शाहपुरा से ब्लॉक स्तरीय रोड शो रथ को विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ आने वाले दिनों में शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर किसानों और ग्रामीणों को मोटे अनाज (मिलेट्स) के महत्व, उपयोगिता और इसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्रदान करेगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पोषक अनाजों के उपयोग को बढ़ावा देने का उद्देश्य देश को स्वस्थ, निरोगी व आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि मोटे अनाज न केवल स्वास्थ्यवर्धक हैं, बल्कि किसानों के लिए बेहतर आर्थिक विकल्प भी साबित हो सकते हैं।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
























