सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत दतिया में भव्य यातायात जागरूकता रैली
दतियापुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा”अभियान के अंतर्गत जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज दतिया यातायात पुलिस द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली पुलिस अधीक्षक दतिया सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक सपना शर्मा के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें स्काउट-गाइड्स एवं शासकीय हाई स्कूल सिविल लाइन दतिया के विद्यार्थियों का सराहनीय सहयोग रहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्वयं रैली में होकर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह,रैली में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा स्वयं उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने माता-पिता, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नियमों के प्रति जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और अनमोल जीवन की रक्षा हो सके।
शहर के मुख्य मार्गों से निकली रैली, कंट्रोल रूम पर हुआ समापन यातायात जागरूकता रैली का शुभारंभ शहर के प्रमुख मार्गों से किया गया, जो अनुशासित एवं व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ते हुए पुलिस कंट्रोल रूम दतिया पर जाकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड्स एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां एवं बैनर लेकर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
महत्वपूर्ण संदेशों के माध्यम से आमजन को किया गया जागरूक,रैली में शामिल प्रतिभागियों द्वारा नारे एवं संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों से, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की अपील की गई, इन संदेशों ने राहगीरों एवं वाहन चालकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
200 से अधिक लोगों की रही सहभागिता इस जागरूकता रैली में लगभग 200 से, अधिक, स्काउट-गाइड्स, छात्र-छात्राएं, शिक्षक-प्रशिक्षक तथा यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में सुरक्षित यातायात की शपथ लेते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
यातायात नियमों के पालन की अपील, पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक सपना शर्मा द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कर सकता है। यह जागरूकता रैली जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की प्रतिबद्धता एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनी।

























