दतिया। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय दतिया सुनील कुमार शिवहरे के निर्देशन में व समस्त एसडीओपी जिला दतिया के मार्ग दर्शन में बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बच्चों के लिए जागरूकता एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता, दौड़ प्रतियोगिता तथा थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य बच्चों में सुरक्षा, अनुशासन एवं जागरूकता की भावना विकसित करना रहा।
थाना प्रभारी यातायात सपना शर्मा द्वारा पीएम श्री हाइस्कूल दतिया में बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। बच्चों ने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर चित्र बनाकर जागरूकता संदेश दिया। ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले छात्र छात्राओं को शील्ड प्रदान की गई।
थाना प्रभारी रचना माहौर द्वारा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय उदगवा में बाल दिवस कार्यक्रम के तहत दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले छात्र छात्राओं को शील्ड प्रदान की गई।थाना महिला थाना प्रभारी मोनिका मिश्रा ने होलीहार्ट स्कूल में, थाना सिविल लाइन पुलिस ने शासकीय स्कूल में एवं थाना थरेट पुलिस द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय थरेट में बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।सिनावल पुलिस ने शासकीय प्राथमिक स्कूल सिनावल के बच्चों को थाना भ्रमण कराया तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
पण्डोखर पुलिस द्वारा स्कूल के छात्र-छात्राओं को थाना भ्रमण कराया गया, जहां बच्चों को पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था के बारे में समझाया गया। थाना प्रभारी शाकिर अली खान द्वारा लॉर्ड गणेशा स्कूल के बच्चों का स्वागत कर उन्हें थाना परिसर घुमाया गया तथा पुलिस-जनसहयोग के महत्व पर चर्चा की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक वैभव गुप्ता द्वारा भी स्कूल के बच्चों को थाना भ्रमण कराया गया और बच्चों को सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं कानून व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्रदान की गई। जिले के समस्त थानों में आयोजित इन कार्यक्रमों से बच्चों में जागरूकता, पुलिस के प्रति विश्वास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित हुई।









