राजगढ़ 03 सितम्बर, 2025* सांसद श्री रोडमल नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी की उपस्थिति में सांसद खेल महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेलों के महत्व और जीवन में उनकी भूमिका पर चर्चा करते हुए पूरी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत कुल 11 प्रकार के खेलों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर तय की गई है।
खेल अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन करना सुनिश्चित करें। ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर एवं जिला स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित करना इस महोत्सव का प्रमुख लक्ष्य रहेगा।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि गांव की प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केवल 7–8 जानकारी भरकर पंजीयन करना बेहद आसान है। बैठक में बालिकाओं एवं दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बच्चों को एकल खेलों के साथ-साथ टीम खेलों में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस सूचना को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुँचाने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर द्वारा बैठक में सांसद खेल महोत्सव में पंजीयन कर प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के खेलों से जिले के युवाओं में शारीरिक गतिविधि बढ़ेगी, उनमें खेल भावना विकसित होगी तथा अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। जन अभियान परिषद को इस आयोजन से जोड़ा जाएगा तथा प्रत्येक ब्लॉक से 500 बच्चों के पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी सुश्री निधि भारद्वाज द्वारा ऑनलाइन प्रेजेंटेशन के माध्यम से खेलों की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, जनजातीय विभाग, जन अभियान परिषद, सामाजिक न्याय विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, महाविद्यालय एवं खेल विभाग सभी मिलकर ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेंगे। आयोजन की रूपरेखा में सर्वप्रथम एक उपयुक्त खेल मैदान का चयन, खेल सामग्री की उपलब्धता, साउंड सिस्टम और उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव ने कहा कि जो छात्र सेना, नौसेना आदि की शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं वे भी इन खेलों में भाग ले सकते हैं।
इससे जिले में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और मोबाइल में उलझी हुई युवा पीढ़ी को एक अच्छा विकल्प मिलेगा। सांसद श्री रोडमल नागर ने कहा कि इन खेलों से जिले के सबसे दूरस्थ ग्राम के युवा भी भागीदारी कर सकेंगे। ऑनलाइन पंजीयन से युवाओं में डिजिटल दक्षता बढ़ेगी तथा जिले के हजारों लोग इसमें शामिल होंगे।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभागों का सहयोग सुनिश्चित किया जाए और जिन छात्रों में प्रतिभा है उन्हें प्रोत्साहित कर सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाए। उन्होंने कहा कि जन संगठन भी इसमें सक्रिय भूमिका निभाएंगे और छात्रों को खेलों में करियर बनाने हेतु प्रेरित करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का “खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया” का विज़न युवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
साथ ही सांसद श्री नागर ने विशेष रूप से कहा कि बालक, बालिकाएँ एवं दिव्यांग छात्र-छात्राएँ सभी को खेलों में भाग लेने हेतु प्रोत्साहित किया जाए। इन खेलों से खेल जगत में नए आयाम जुड़ेंगे और खेल प्रेमियों को भी खेलने व आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

























