दतिया। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े निर्देशानुसार, अवैध पेट्रोल-डीजल विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।
उक्त निर्देशों के पालन में आज दिनांक 15.12.2025 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनुभाग दतिया संतोष तिवारी के मार्ग दर्शन में एक संयुक्त जांच दल द्वारा अवैध रूप से पेट्रोल/डीजल का विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
संयुक्त जांच दल में जिला आपूर्ति अधिकारी सनद शुक्ला, नायब तहसीलदार वृत्त गोराघाट जगदीश घनघोरिया, नापतौल निरीक्षक दतिया आर.के. मिश्रा, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पंकज करोरिया एवं राजेश जाटव शामिल रहे। जांच के दौरान मुरेरा चौराहा, ग्वालियर रोड, दतिया स्थित एक दुकान पर छापा मारा गया।
जांच के समय मौके पर ट्रक क्रमांक HR-65-A-5177 पाया गया, जिसके वाहन चालक जावेद खान द्वारा ट्रक की टंकी से डीजल निकालकर दुकान संचालक श्री शिवम यादव को बेचा जा रहा था तथा दुकानदार द्वारा उक्त डीजल की खरीद की जा रही थी।
जांच दल द्वारा तत्परता दिखाते हुए अवैध गतिविधि को तत्काल रोका गया,मौके से लगभग 15 लीटर डीजल, डीजल मापने का यंत्र एवं कृप्पी जप्त की गई, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 1,880/- रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही अवैध रूप से डीजल विक्रय में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक HR-65-A-5177 को भी वाहन चालक जावेद खान से जप्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10,35,000/- रुपये है, प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वाहन चालक जावेद खान एवं दुकानदार शिवम यादव के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्यवाही की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध पेट्रोल-डीजल विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी,
प्रशासन द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल का विक्रय होता दिखाई दे, तो उसकी सूचना संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को तत्काल दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही की जा सके।

























