दतिया। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत मतदाता सूची के सत्यापन कार्य को गति देने और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने आज जिले के ग्राम तगा का औचक निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने गांव की गलियों और मोहल्लों में पैदल भ्रमण कर घर-घर पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे सत्यापन कार्य का प्रत्यक्ष परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले बीएलओ से अब तक किए गए कार्य, लंबित प्रकरणों और फॉर्म की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक अभियान की जानकारी पहुँचे और कोई भी योग्य मतदाता नाम जोड़ने से वंचित न रह जाए।
कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने ग्रामीणों से संवाद कर यह भी जाना कि क्या उनके घर पर बीएलओ द्वारा सही तरीके से सत्यापन किया गया है और उन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटवाने या संशोधन करने की उचित जानकारी दी गई है या नहीं।
उन्होंने ग्रामीणों को स्पष्ट रूप से बताया कि जो नागरिक 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे है, वे भी अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते है,उन्होंने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि,नाम जोड़ने के लिए फ़ॉर्म 6, नाम हटाने के लिए फ़ॉर्म 7, सुधार/संशोधन के लिए फ़ॉर्म 8 भरना अनिवार्य है।
इसी क्रम में कलेक्टर ने स्वयं भी एक एन्यूमरेशन फ़ॉर्म भरवाकर उसकी आवश्यक कार्यवाही हेतु बीएलओ को सौंपा, जिससे अधिकारियों को सही प्रक्रिया अपनाने का संदेश दिया जा सके।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित रूप से जोड़ा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
कलेक्टर के इस निरीक्षण से ग्रामीणों में चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा बीएलओ को भी अपने कार्य में पारदर्शिता एवं तत्परता रखने के लिए प्रेरणा मिली।
प्रशासन द्वारा ऐसे सतत निरीक्षणों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









