कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
अंधेर नगरी आगर मालवा, 07 अप्रैल। जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास आदि से संबंधित 81 आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर द्वारा मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए।जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोंके, सुसनेर श्रीमती किरण बरबड़े, श्री सर्वेश यादव,डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेम नारायण परमार, श्री कमल मंडलोई , तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
आगर निवासी कोमल बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्राकृतिक आपदा के कारण उनका मकान गिर गया, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अन्य कोई आवास नहीं होने से वर्तमान में छोटे बच्चों के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ एवं तहसीलदार को आरबीसी 6-4 के तहत् आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।ग्राम पंचायत तनोड़िया के सरपंच द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग रखी गई।
सरपंच ने बताया कि ईदगाह के समीप अनावेदक व्यक्ति द्वारा टीनशेड़ डालकर अवैध अतिक्रमण किया गया है। उक्त भूमि सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत नये बस स्टेण्ड के लिये आवंटित की गई है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम शिवगढ़ निवासी सीताराम बागड़ी ने पैतृक भूमि के बंटवारे संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आगर के बड़ा गवालीपुरा निवासी सुंदरबाई गवली ने विधवा पेंशन स्वीकृत कराने की मांग की।
कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ को प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम बापचा बड़ौद निवासी देवीलाल द्वारा भूमि सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार बड़ौद को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं तांडाबड़ी निवासी श्रवण ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि पुनः चालू कराने हेतु आवेदन दिया।
कलेक्टर ने तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।जनसुनवाई के अंत में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए।




