यातायात हुआ सुचारु, आमजन को मिली राहत।
दतिया। शहर की प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से जारी अतिक्रमण के कारण सड़कें बाजार का रूप ले चुकी थीं।
सड़क किनारे और फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जों से न केवल यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
आमजन की लगातार शिकायतों और बढ़ते जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
प्रशासनिक अमले ने निर्धारित क्षेत्रों में पहुंचकर सड़क और फुटपाथ पर रखे गए ठेले, अस्थायी दुकानें, तख्त, शेड और अन्य अवैध संरचनाओं को हटवाया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौजूद रही, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।अभियान के बाद जिन सड़कों पर पहले पैदल चलना भी मुश्किल था, वहां अब आवागमन सुचारु हो गया है।
वाहनों को जाम से राहत मिली है और राहगीरों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय बाद सड़कों पर व्यवस्था नजर आई है, जिससे रोजमर्रा की आवाजाही आसान हो गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की नहीं है। यदि भविष्य में दोबारा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और सामान जब्ती जैसी कार्यवाही भी शामिल होगी।
अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करें। साथ ही आमजन से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सके,अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान की तस्वीरें l

























