दतिया 19 जून 2026/ आगामी मोहर्रम त्यौहार को सफल व शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने के लिए आज कलेक्टर स्वप्निल वानखडे की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल, अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कव्चे, एसडीम दतिया सोनाली राजपूत सहित शांति समिति के सदस्य और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कलेक्टर स्वप्निल वानखडे ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोहर्रम जैसे सांविधानिक और सांस्कृतिक आयोजनों में प्रशासन की प्राथमिकता सामाजिक सद्भाव और सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि हर समुदाय को शांतिपूर्वक अपने धार्मिक कृत्यों का पालन करने का पूर्ण अधिकार है और प्रशासन का दायित्व है कि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने नगर पालिका अधिकारी को साफ सफाई व्यवस्था, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस व्यवस्था, महाप्रबंधक विद्युत विभाग को निरंतर विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने समस्त अधिकारियों को जुलूस मार्ग पर सयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाये करने के निर्देश दिए।
साथ ही मॉक ड्रिल और अतिरिक्त पेट्रोलिंग को फोकस करते हुए मुख्य जुलूस मार्गों, तंग गलियों तथा भीड़ भरे स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध वस्तुओं की निगरानी के लिए विशेष नाकाबंदी व चौकसी रखी जाएगी। अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे ने समिति सदस्यों को निर्देशित करते हुए कहा कि जुलूस के दौरान डीजे पर कोई भी आपत्तिजनक धुन/ गाना ना बजाया जाये।
साथ ही डीजे की आवाज प्राप्त अनुमति के अनुसार ही रहे यह भी सुनिश्चित किया जाए।















