आरोपी की गिरफ्तारी और 50 लाख मुआवजे की उठी मांग”
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन, निष्पक्ष जांच नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
गंगापुर – ग्राम उल्लाई तहसील सहाड़ा निवासी स्वर्गीय किशनलाल खटीक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। आम चोखला खटीक समाज उल्लाई (गंगापुर) के बैनर तले समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी गंगापुर को ज्ञापन सौंपा तथा मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि दिनांक 25 मई 2026 को किशनलाल पुत्र सोहनलाल खटीक निवासी उल्लाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी गंगापुर निवासी महिला द्वारा कठोर वस्तु से हमला कर हत्या की गई है। घटना के बाद से मृतक परिवार गहरे सदमे में है वहीं पूरे समाज में भय, रोष और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को न्याय मिलना मुश्किल हो जाएगा। समाज ने प्रशासन से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
समाज के लोगों ने कहा कि एक गरीब परिवार का सहारा छिन जाने से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है। मृतक के आश्रितों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए समाज ने राज्य सरकार से मृतक परिवार को 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा देने तथा परिवार के एक सदस्य को संविदा अथवा स्थायी सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पीड़ित परिवार पर किसी प्रकार का दबाव या भय उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए। समाज के लोगों ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को सुरक्षा नहीं मिली तो न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे समाज के लोगों ने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की मृत्यु का नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, मानवाधिकार और कानून व्यवस्था से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। समाज ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि न्याय में देरी पीड़ित परिवार के साथ अन्याय होगा।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि राजस्थान सरकार को पीड़ित परिवार की पीड़ा को गंभीरता से समझते हुए तत्काल प्रभाव से न्यायपूर्ण कार्रवाई करनी चाहिए ताकि आमजन का कानून और संविधान पर विश्वास बना रहे।
ज्ञानचंद खटीक अध्यक्ष डा भीमराव अम्बेडकर युवा संगठन संस्था रायपुर, चिरंजीवी रेगर भीम आर्मी भीलवाड़ा, रायमल भील जौहर समिति आसिन्द, राजु भील भील विकास समिति कोशिथल, संजय खटीक, उदयलाल खटीक रायपुर, गोपीलाल खटीक, कमलेश खटीक, सुरेश खटीक आदी लोग मौजूद रहे।













