शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा- शाहपुरा निवासी प्रतिभाशाली तैराक मोहम्मद अनस ने 1 से 3 जून तक जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित तरणताल में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण पदक एवं 2 रजत पदक जीतकर व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
अनस की इस उपलब्धि का श्रेय उनके प्रशिक्षकों पुलकित बिष्ट एवं मनू बिष्ट को भी जाता है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने यह सफलता हासिल की।मोहम्मद अनस का तैराकी में उत्कृष्ट रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में 1 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीता है, वहीं स्कूली राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में 4 रजत एवं 4 कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अब मोहम्मद अनस का चयन सीनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसमें वे राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 21 जून 2026 तक अहमदाबाद में आयोजित होगी। शाहपुरा एवं जिले के खेल प्रेमियों ने मोहम्मद अनस की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।















