आमजन को मिलेगा पौष्टिक एवं सस्ता भोजन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
बनेड़ा-राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ आज नगर पालिका क्षेत्र बनेड़ा में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक डॉ. बैरवा ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना कर योजना का शुभारंभ किया।
तथा श्री अन्नपूर्णा रसोई में बने स्वादिष्ट भोजन को सभी के साथ ग्रहण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में आमजन, श्रमिकों, जरूरतमंदों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने के साथ-साथ किसी भी व्यक्ति को भूखा न रहने देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। योजना का उद्देश्य गरीब, मजदूर, छात्र, यात्री एवं जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानपूर्वक भोजन उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर नगर पालिका क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया तथा योजना के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं। विधायक डॉ. बैरवा ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस अवसर पर बनेडा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, लक्ष्मी लाल सोनी, एसडीएम बाबू लाल, ईओ प्रकाश साहू, प्रहलाद बैरवा, राजमल माली, कैलाश माली, महिम सुवालका, भैरू लाल लक्षकार, संपत माली, देबी लाल, जगदीश खटीक, जीवन बैरवा आदि के सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















