शाहपुरा में भव्य मंगल कलश शोभायात्रा के साथ श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा-श्रावण मास के पावन अवसर पर श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के प्रारंभ में निंबार्क तीर्थ से पधारे विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगल कलश पूजन एवं श्री शिवपुराण का पूजन कर निमंत्रण सम्पन्न कराया गया। इसके पश्चात श्री भाणा गणेश जी मंदिर से भव्य मंगल कलश शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक वातावरण के बीच शोभायात्रा त्रिमूर्ति चौराहा होती हुई मुख्य बाजार से होकर माहेश्वरी पंचायत भवन स्थित कथा स्थल पहुँची।
मार्ग में त्रिमूर्ति चौराहे पर श्याम सेवा समिति, गणेश सेवा समिति, श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। वहीं मुख्य बाजार में भी विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धाभाव से शोभायात्रा का अभिनंदन किया,
जिससे संपूर्ण नगर शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया।कथा स्थल पर वैदिक विधि-विधान से व्यासपीठ पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। जगद्गुरु निम्बार्काचार्य श्री श्रीजी महाराज के चरण रज सेवक गजेन्द्र गोपाल महाराज ने प्रथम दिवस श्री शिवमहापुराण के महात्म्य, सृष्टि की उत्पत्ति एवं शिवतत्त्व का भावपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान शिव की भक्ति एवं सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला।
श्री श्रीनाथजी भक्त मंडल के प्रवक्ता अभिषेक सोनी ने बताया कि नौ दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा 09 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 2:00 बजे से आयोजित होगी। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में पधारकर भगवान शिव की अमृतमयी कथा का श्रवण करने का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी बताया कि जो श्रद्धालु कथा स्थल तक नहीं पहुँच सकेंगे, उनके लिए प्रतिदिन कथा का सीधा प्रसारण “आपणो शाहपुरा के YouTube चैनल एवं Facebook Page पर किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु घर बैठे भी कथा का पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।