विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सांगरिया में सुनी जनसमस्याएं, बावड़ी में किया कक्षा-कक्षों का लोकार्पण
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।शाहपुरा।शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने सांगरिया प्रवास के दौरान ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
इस दौरान ग्रामीणों ने बालिका विद्यालय से संबंधित अपनी मांगें रखीं, जिन पर विधायक डॉ. बैरवा ने सकारात्मक आश्वासन दिया।इसके पश्चात विधायक डॉ. लालाराम बैरवा बावड़ी (ईटड़िया) पहुंचे, जहां ग्रामवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बावड़ी में आयोजित संस्था प्रधान सत्रारंभ वाक्पीठ–2026
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर उन्होंने शाहपुरा ब्लॉक के समस्त संस्था प्रधानों को संबोधित किया।अपने संबोधन में विधायक डॉ. बैरवा ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नवाचार एवं विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत निर्मित दो नवीन कक्षा-कक्षों का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, संस्था प्रधान, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।