शाहपुरा में द्विदिवसीय सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी संपन्न, शैक्षणिक गुणवत्ता और सत्र 2026-27 की कार्ययोजनाओं पर हुआ मंथन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा/राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नया खेड़ा (ग्राम पंचायत: बोरड़ा बावरियान) के तत्वावधान में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय संस्था प्रधानों की द्विदिवसीय सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी कार्यक्रम (सत्र 2026-27) का आयोजन शाहपुरा स्थित सेन समाज धर्मशाला में विधायक डॉ. लालराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
संगोष्ठी की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक, भीलवाड़ा) रामेश्वर प्रसाद जिनगर ने की। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक, भीलवाड़ा) जग जीतेंद्र विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वाकपीठ के संरक्षक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (शाहपुरा) सत्यनारायण कुमावत एवं वाकपीठ अध्यक्ष सच्चिदानंद टेलर रहे।समारोह को संबोधित करते हुए
विधायक डॉ. लालराम बैरवा ने कहा कि “शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक और राष्ट्र के निर्माता हैं। प्राथमिक शिक्षा किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की नींव होती है। क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने, ढांचागत सुविधाओं के विकास तथा हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुँचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।”
उन्होंने संस्था प्रधानों का आह्वान किया कि वे नए शैक्षणिक सत्र में पूर्ण निष्ठा और नवाचारों के साथ कार्य कर शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं।कार्यक्रम में पूर्व प्रधान गोपाल गुर्जर, राजेंद्र बोहरा,पंकज सुगंधी, महावीर सैनी एवं जितेंद्र पाराशर सहित कई गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के दौरान नवीन शैक्षणिक सत्र में पठन-पाठन का स्तर सुधारने, विद्यालयों के भौतिक एवं शैक्षणिक विकास तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने संबंधी विषयों पर संस्था प्रधानों के मध्य विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर क्षेत्र के पत्रकार बंधुओं, स्थानीय शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजक विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आए हुए सभी अतिथियों एवं संभागियों का आभार व्यक्त किया।