मनरेगा श्रमिकों की लंबित मजदूरी भुगतान को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
फूलिया कलां। ग्राम पंचायत फूलिया कलां के मनरेगा श्रमिकों की लंबित मजदूरी का तत्काल भुगतान कराने तथा देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर मनरेगा श्रमिकों ने लालाराम रावण के नेतृत्व में सामूहिक रूप से जिला कलेक्टर,
भीलवाड़ा के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत फूलिया कलां, पंचायत समिति शाहपुरा के अंतर्गत मनरेगा योजना में श्रमिकों द्वारा स्वीकृत कार्य नियमानुसार पूर्ण किए जाने के बावजूद पिछले एक पखवाड़े की मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। श्रमिकों ने कहा कि मजदूरी भुगतान में देरी के कारण उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भोजन, चिकित्सा, बच्चों की शिक्षा सहित अन्य आवश्यक खर्च प्रभावित हो रहे हैं।श्रमिकों ने ज्ञापन में मनरेगा के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में मजदूरी का भुगतान नहीं होने पर पात्र श्रमिकों को विलंब मुआवजा (Delay Compensation) दिया जाना चाहिए। साथ ही मजदूरी भुगतान में देरी के कारणों की जांच की जाए।