जयपुर: देश में आज रक्षाबंधन की धूम, राष्ट्रपति मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।जयपुर-रक्षाबंधन का त्योहार आज पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस मौके पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधती हैं और उनकी खुशहाली, सेहत और समृद्वि के लिए प्रार्थना करती हैं। इसके बदले में, भाई अपनी बहनों की रक्षा और मदद करने का वादा करते हैं और उन्हें उपहार देते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा बंधन पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन का त्योहार प्राचीन काल से ही देश की संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा रहा है।राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार याद दिलाता है कि हर रिश्ता भरोसे, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग के आधार पर टिका होता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने हर नागरिक से परिवार और समुदायों के बीच रिश्तों को मज़बूत करने का संकल्प लेने और इसी भावना के साथ ‘विकसित भारत’ की ओर आगे बढ़ने का आग्रह किया।लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज रक्षा बंधन के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि यह त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक मूल्यों और स्नेह के मजबूत बंधन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन विश्वास, सम्मान और प्रेम का उत्सव है और जीवन भर एक-दूसरे का साथ देने के संकल्प को मजबूत करता है।