मारुति कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, जिम जाने निकला था युवराज
पण्डेर। 29 अगस्त राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148डी पर ढगारिया चौराहे के समीप शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। हादसे में गुलाबपुरा निवासी युवराज धाकड़ (21) पुत्र रामेश्वर धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार युवराज सुबह करीब 4:30 बजे अपने गांव से पण्डेर जिम सेंटर जाने के लिए बाइक से निकला था। इसी दौरान ढगारिया चौराहे के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 148डी पर एक मारुति कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए शाहपुरा चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद शव को पण्डेर चिकित्सालय लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पण्डेर थाना अधिकारी शिम्भुदयाल मीणा ने बताया कि दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।