महिलाओं ने श्रद्धा के साथ की ऋषि पंचमी की पूजा
महिलाओं ने श्रद्धा के साथ की ऋषि पंचमी की पूजा
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
भीलवाड़ा। ऋषि पंचमी के अवसर पर शहर में महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों और घरों में धार्मिक वातावरण देखने को मिला।महिलाओं ने विधि विधान से
सप्तऋषियों का पूजन किया। पूजा के दौरान भगवान गणेश, सप्तऋषियों का स्मरण कर पुष्प, अक्षत, फल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की गई। महिलाओं ने ऋषि पंचमी की कथा का श्रवण कर व्रत एवं पूजा का संकल्प लिया।मान्यता के अनुसार ऋषि पंचमी पर सप्तऋषियों की पूजा करने से जाने अनजाने में हुए
दोषों से मुक्ति मिलती है तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। कई महिलाओं ने दिनभर व्रत रखकर शाम को पूजा अर्चना के बाद व्रत का पारणा किया।
इस दौरान महिलाओं ने एक दूसरे को ऋषि पंचमी की शुभकामनाएं दीं और धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर के कई क्षेत्रों में महिलाओं के समूहों ने सामूहिक रूप से पूजा कर भजन कीर्तन भी किए।