शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। मथुरा-धर्मनगरी मथुरा में प्रस्तावित फिल्म अभिनेत्री सनी लियोनी के कार्यक्रम को लेकर साधु-संतों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्यक्रम को निरस्त कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि इस प्रकार के आयोजन से मथुरा की धार्मिक मर्यादा और सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंच सकती है।पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है, जहां साधु-संतों द्वारा तप, भजन, साधना और पूजा-पाठ किया जाता है। ऐसे पवित्र स्थान पर फिल्मी कार्यक्रमों के नाम पर फूहड़ता और अश्लीलता को बढ़ावा देना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर धार्मिक नगरी की छवि को धूमिल करने की साजिश कर रहे हैं।दिनेश फलाहारी महाराज ने यह भी कहा कि जिस अभिनेत्री का नाम कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है, वह पूर्व में अश्लील फिल्मों से जुड़ी रही हैं, ऐसे में उनका कार्यक्रम धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकता है।
उन्होंने इसे सनातन परंपरा के विरुद्ध बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।बताया गया है कि नए साल के अवसर पर होटल ललिता ग्रैंड और होटल दा ट्रक में यह कार्यक्रम प्रस्तावित है। साधु-संतों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ता है और समाज में गलत संदेश जाता है।
साधु समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्यक्रम को निरस्त नहीं किया तो वे शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। दिनेश शर्मा फलारी श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास अध्यक्ष संत समाज छोटे पुंडरीक महाराज।
























