भीलवाड़ा। राजकीय महाविद्यालय शाहपुरा में एसीबी ने आयोजित किया जन जागरूकता सप्ताह

IMG-20260715-WA0021

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक। शाहपुरा। राजकीय महाविद्यालय, शाहपुरा में भ्रष्टाचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), भीलवाड़ा द्वारा जनजागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता एसीबी भीलवाड़ा के डीएसपी पारसमल रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पुष्करराज मीणा ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में एसीबी के एसआई राजेश तथा एएसआई रामपाल उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।

मुख्य वक्ता डीएसपी पारसमल ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों और देश के विकास की जड़ों को कमजोर करने वाला गंभीर सामाजिक अपराध है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त एवं पारदर्शी राष्ट्र का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग होकर आवाज उठाए।

उन्होंने बताया कि एंटी करप्शन ब्यूरो हर समय सतर्क एवं मुस्तैद है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत या अनुचित लाभ की मांग करता है, तो बिना किसी भय या झिझक के इसकी सूचना एसीबी को दें। उन्होंने विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के प्रश्नों का भी विस्तार से उत्तर दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. पुष्करराज मीणा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान ही वह स्थान हैं, जहां देश के भावी नागरिकों में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों का विकास किया जाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को देश के विकास में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सदैव सजग रहने की शपथ दिलाई।

विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आमजन से कानून एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रो. रामावतार मीना, डॉ. ऋचा अंगिरा, प्रो. धर्मनारायण वैष्णव, प्रो. प्रियंका ढाका, प्रो. दलवीर सिंह, प्रो. मुकेश कुमार, प्रो. नीरज शर्मा, प्रो. अजीत सिंह, प्रो. विनोद कुमारी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मूलचंद खटीक ने किया।

About The Author