निरावल के सिद्ध बाबा के दर्शन कर महाराजा अरुणादित्य देव ने टेका मत्था, संत महाराज से लिया आशीर्वाद।
दतिया। आस्था और श्रद्धा के केंद्र ग्राम निरावल के समीप घुरैया पहाड़ पर स्थित सिद्ध बाबा आश्रम में रविवार को विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला, जब महाराजा अरुणादित्य देव सिद्ध बाबा के दर्शन हेतु आश्रम पहुंचे। महाराजा अरुणादित्य देव ने सिद्ध बाबा मंदिर में विधिवत
दर्शन कर मत्था टेका तथा आश्रम के पूज्य संत महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।आश्रम पहुंचने पर सिद्ध बाबा सेवा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा महाराजा अरुणादित्य देव का पुष्प मालाएं पहनाकर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर वातावरण “जय सिद्ध बाबा” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। दर्शन उपरांत महाराजा अरुणादित्य देव ने आश्रम परिसर में उपस्थित संत महाराज, सेवा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणजनों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों से समाज को सकारात्मक ऊर्जा मिलती है तथा ऐसे स्थान सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने सिद्ध बाबा आश्रम की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना करते हुए सेवा समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर महाराजा अरुणादित्य देव ने सिद्ध बाबा सेवा समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के साथ आश्रम में भोजन प्रसादी भी ग्रहण की। उन्होंने ग्रामीणों से सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ मिलकर चलने तथा समाजहित में सहयोग की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दादा गुरु संत महाराज, प्रकाश यादव, जगराम यादव, बलवीर यादव, बाबूलाल, राकेश, जयपाल यादव आचार्य, नीरज यादव, देवेश यादव, प्रद्युम्न यादव, प्रिंस यादव, गोपाल यादव, राहुल यादव, संग्राम यादव, राजवीर यादव, दशरथ यादव, रामू भट्ट सहित ग्राम निरावल के समस्त निवासी उपस्थित रहे।
महाराजा अरुणादित्य देव के आगमन से ग्राम निरावल एवं आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और श्रद्धालुओं ने इसे अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया।
























