राजस्थान। अजमेर डेयरी का बड़ा फैसला: सरस दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा

IMG-20260522-WA0009

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

अजमेर। बढ़ती महंगाई, उत्पादन लागत में लगातार हो रही वृद्धि और पशुपालक किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अजमेर सरस डेयरी ने दूध की सभी किस्मों के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने बताया कि यह निर्णय मजबूरी में लेना पड़ा है। उनका कहना है कि डेयरी को हो रहे आर्थिक नुकसान से उबारने और किसानों को घाटे से बचाने के लिए यह कदम आवश्यक हो गया था।

उन्होंने बताया कि देश की प्रमुख डेयरियों Amul तथा Mother Dairy द्वारा भी दूध के दाम बढ़ाए जा चुके हैं। ऐसे में लगातार बढ़ती लागत और आर्थिक दबाव के कारण अजमेर सरस डेयरी के पास भी मूल्य वृद्धि के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा।

अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि किसानों को पशुपालन में नुकसान न हो, इसके लिए अजमेर डेयरी देश में सबसे अधिक खरीद मूल्य देने वाली डेयरियों में शामिल है। किसानों को दूध पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। इसी कारण केवल अप्रैल माह में डेयरी को लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने बताया कि डीजल, गैस और पैकिंग सामग्री की कीमतों में लगातार वृद्धि से दूध संग्रहण और विपणन लागत काफी बढ़ गई है। दूध की पैकिंग में उपयोग होने वाली सामग्री भी 30 से 40 प्रतिशत तक महंगी हो चुकी है, जिससे डेयरी संचालन पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

डेयरी प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद दूध की शुद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाला दूध मिलता रहेगा।

साथ ही अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने केंद्र सरकार से मांग की कि डेयरी व्यवसाय को कृषि क्षेत्र में शामिल कर राशन प्रणाली की तर्ज पर दूध और दुग्ध उत्पादों पर भी सहायता दी जाए, ताकि आम लोगों को सस्ती दरों पर दूध उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने यह भी संकेत दिए कि यदि भविष्य में डीजल, गैस और पैकिंग सामग्री की कीमतों में और बढ़ोतरी होती है, तो डेयरी प्रबंधन को दूध के दामों में आगे भी वृद्धि करनी पड़ सकती है।

About The Author