जिला ब्यूरो संवाददाता पवन परमार जिला देवास बरोठा।
पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए
शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि एक वेगेनर कार में शराब भर कर जा रही है। मुखबिर सूचना के अनुसार पुलिस ने टीनोन्या-कैलोद मार्ग पर घेराबंदी कर एक कार से 38 पेटी अवैध शराब जब्त की। इस मामले में एक नाबालिग को पकड़ा गया,
जिससे शराब तस्करों द्वारा बच्चों को इस्तेमाल किए जाने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।थाना प्रभारी टीआई सविता सिंह जाटव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुड़ैल शराब दुकान से अवैध रूप से शराब भरकर उसे बरखेड़ा कोतापाई शराब दुकान तक पहुंचाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर टीनोनिया–कैलोद मार्ग के बीच वाहन चेकिंग शुरू की।तलाशी के दौरान कार के भीतर बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई पाई गई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब को जब्त कर लिया और नाबालिग को संरक्षण में लिया गया। इस मामले में लाइसेंसी शराब ठेकेदार मोनू सरदार का नाम सामने आया है पुलिस द्वारा ठेकेदार की भूमिका की जांच जारी है।
टीआई जाटव ने बताया कि मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध शराब तस्करी के पीछे कौन–कौन लोग शामिल हैं
और नाबालिग को किसके इशारे पर इस्तेमाल किया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

























