दतिया। जिले में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों को पूर्व में सौंपे गए दायित्वों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर वानखड़े ने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने आरटीओ एवं यातायात पुलिस प्रभारी को निर्देश दिए कि यात्री बसों के लिए वैकल्पिक मार्गों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए,
ताकि यातायात सुचारु बना रहे, कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से खड़े कंडम व अन्य वाहनों को गंभीर समस्या बताते हुए यातायात प्रभारी को ऐसे वाहनों को हटाने के लिए तत्काल नोटिस जारी करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड व्यवस्था पर विशेष जोर, कलेक्टर वानखड़े ने बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि बस स्टैंड के समीप स्टॉपर लगाए जाएं
तथा बस स्टैंड परिसर में बसों के अलावा किसी भी अन्य वाहन का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने इसके लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम, आरटीओ एवं यातायात प्रभारी को बस स्टैंड संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
आदेशों का पालन न होने की स्थिति में चालानी कार्रवाई प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा उपायों और योजनाओं की समीक्षा, बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर लगाए गए साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई।
वहीं आरटीओ द्वारा राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न स्थानों पर बैनर लगाए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राहवीर योजना का अधिकतम प्रचार-प्रसार किया जाए तथा टोल प्लाजा सहित प्रमुख स्थानों पर बैनर लगाए जाएं,
जिससे आम नागरिक योजना से अधिक से अधिक लाभ उठा सकें, ड्राइविंग लाइसेंस शिविर व स्कूल वाहनों की जांच, कलेक्टर वानखड़े ने आरटीओ को नियमित रूप से ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने तथा स्कूल वाहनों की सघन व नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। जलभराव, कचरा और अतिक्रमण पर सख्त रुख, बम-बम चौराहे पर हो रही जलभराव की समस्या के निराकरण हेतु कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बुंदेला कॉलोनी में कचरे के ढेर की समस्या पर कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल समाधान करने एवं पर्याप्त डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने मां पीतांबरा मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
शनिवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ को देखते हुए उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रहे और मंदिर क्षेत्र के आसपास बड़े वाहनों की पार्किंग न हो, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई, बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारी अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं एनएचएआई के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और भविष्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बैठक के अंत में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और जनसुविधा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे, एसडीएम दतिया संतोष तिवारी, एसडीएम भांडेर सोनाली राजपूत, अधिकारी उपस्थित रहे।

























