भीलवाड़ा। रायपुर में कांग्रेस कमेटी का जोरदार प्रदर्शन, फुंका मोदी का पुतला, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

IMG-20260723-WA0020

शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।

रायपुर। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायपुर के तत्वावधान में गुरुवार को रायपुर मुख्य बस स्टैंड पर देशभर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर NEET सहित लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया तथा छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भारत की माननीय राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के कारण करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है। छात्र-छात्राएं वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार प्रश्न पत्र लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

इससे युवाओं का परीक्षा प्रणाली और सरकारी व्यवस्थाओं पर विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है। कांग्रेस ने मांग की कि पेपर लीक के सभी मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप त्रिवेदी ने कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी युवाओं के हित में चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।

इस अवसर पर विधायक प्रत्याशी राजेन्द्र कुमार त्रिवेदी, निवर्तमान प्रधान शिवराज सिंह बाड़ी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप त्रिवेदी, श्याम पुरोहित, प्रतिभा गोपाल सोमानी उप प्रधान रायपुर, ज्ञानचंद खटीक (अध्यक्ष, डॉ. भीमराव अम्बेडकर युवा संगठन संस्था रायपुर), गोपीलाल सालवी, रणदीप त्रिवेदी, दिनेश वसिटा, गोविंद सोनी, लक्ष्मण गाडरी (पालरा), गणेश माली, गुलाब गाडरी (गवला), अब्बास मंसुरी (बोराणा), कांग्रेस महिला अध्यक्ष राजमणि व्यास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि पेपर लीक प्रकरणों में शामिल सभी दोषियों की जवाबदेही तय कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा देशभर के छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर विश्वास पुनः स्थापित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों के हितों की अनदेखी जारी रखी तो पार्टी आगामी दिनों में और व्यापक जनआंदोलन करेगी।

About The Author